Mussoorie: नगर पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने उत्तराखंड पेयजल निगम व जल संस्थान के अधिकारियों के साथ बैठक की व जल निगम द्वारा शहर में खोदी गयी सडकों की मरम्मत न होने पर नाराजगी व्यक्त की। उ न्होंने चेताया कि जिन सड़कों को पेयजल लाइन बिछाने व मरम्मत करने के लिए खोदा गया हैं,उन सड़कों की एक सप्ताह के भीतर मरम्मत की जाय अन्यथा एनओसी निरस्त कर दी जायेगी।
नगर पालिकाध्यक्ष के कार्यालय में उत्तराखंड पेयजल निगम व जल संस्थान के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि मसूरी के सभी क्षेत्रों में पेयजल निर्माण निगम द्वारा यमुना पेयजल योजना के तहत खुदान किया है, जिसकी अभी तक मरम्मत नहीं की गई है। वहीं जहां की भी है, वहाँ सडकें उखड़ गई है, जिसके कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार इस सम्बन्ध में लोगो की शिकायते मिल रही हैं और जनता में विभागों की कार्यशैली के प्रति आक्रोश बढ़ रहा है।
पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने पेयजल निर्माण निगम के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा है कि जनता को हो रही असुविधा को देखते हुए समस्या का जल्द से जल्द समाधान करें और एक सप्ताह के भीतर खोदी गयी सडकों की मरम्मत की करें, ताकि जनता को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने चेताया कि अगर एक सप्ताह के बाद कहीं से शिकायत मिली तो पालिका विभागों को दी गयी एनओसी को निरस्त करने को बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि जनता को परेशानी होती है तो वह पालिका के जनप्रतिनिधियों से शिकायत करती है और पालिका भी पहला कर्तव्य है कि जनता की समस्याओं का समाधान करे। इसलिए अब पालिका के पास शिकायत आती है तो कार्यवाही की जाएगी।
इस मौके पर पेयजल निर्माण निगम के अधिशासी अभियंता सुजीत विकास ने पालिकाध्यक्ष को भरोसा दिलाया कि एक सप्ताह में सड़कों की मरम्मत कर दी जायेगी।
बैठक में जल निगम की सहायक अभियंता भारती रावत, जल संस्थान के सहायक अभियंता टीएस रावत, नगर पालिका के सहायक अभियंता रमेश बिष्ट सहित पालिका सभासद सुरेश थपलियाल, सरिता कोहली, जशोदा शर्मा, सरिता पंवार, गीता कुमाई आदि भी मौजूद रहे।